रांची - राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन, रांची स्थित दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिवपूजन पाठक को झारखण्ड राज्य सूचना आयोग के राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति संबंधी वारंट का वाचन किया। तत्पश्चात् राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शपथ ग्रहण हेतु आमंत्रित किया।
इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री, झारखण्ड सरकार शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद डॉ० महुआ माजी, बैद्यनाथ राम, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल तथा गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








