(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो ट्रेजरी से 4 करोड़ से अधिक राशि की अवैध निकासी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने ट्रेजरी का निरीक्षण कर पूरे रिकॉर्ड की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वर्ष 2018 से अब तक किसी भी उपायुक्त द्वारा ट्रेजरी का विधिवत निरीक्षण नहीं किया गया था। जबकि नियम के अनुसार हर छह महीने में विधिवत निरीक्षण अनिवार्य है।
उपायुक्त ने बताया कि ट्रेजरी कोड के तहत अप्रैल और अक्टूबर में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिसकी जिम्मेदारी स्थापना शाखा की होगी। साथ ही कहा कि फिलहाल जांच पूरी होने तक सभी प्रकार के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। चार सदस्यीय जांच समिति इस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट सौंपने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।











