(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने आज बोकारो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया। राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रही है और राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री आवास के समक्ष विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।








