बोकारो - पिछले साढ़े 5 साल से लापता सेजल झा की मां उषा झा अपनी बेटी को खोज निकालने के लिए अधिकारियों से लगातार फरियाद लगा रही है। हालांकि उषा झा के लिए एक राहत भरी खबर है। बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से साढ़े पांच साल पहले लापता नाबालिग सेजल झा को अब सीआईडी की टीम खोजेगी। वरीय अधिकारियों के आदेश के बाद सीआईडी ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीआईडी पूरे मामले की नए सिरे से जांच शुरू करेगी।
गौरतलब हो कि सेजल 16 अक्टूबर, 2020 को घर से कुरमा गांव ट्यूशन के लिए निकली थी, उसके बाद से लापता है। उस वक्त उसकी उम्र करीब 14 साल थी। तब मामला काफी चर्चा में रहा था। उसकी साइकिल, चप्पल, कॉपियां सड़क पर बिखरी मिली थी। परिजनों ने उक्त सामानों की पहचान की और उसकी खोजबीन की, लेकिन सेजल का कहीं पता नहीं चल सका।
मामले को लेकर पिंड्राजोरा थाने में मामला भी दर्ज कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है। इस मामले में पिंड्राजोरा थाने की पुलिस को अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अब इस मामले में सीआईडी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।









