रांची।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में पतरातु विद्युत निगम लिमिटेड (PVNL) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार सहगल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ ह्यूमन रिसोर्स प्रमुख श्री जेड रहमान, वरीय प्रबंधक श्री पंकज कुमार सिंह एवं डीजीएम जे. महापात्र भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान पीवीएनएल के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 5 नवंबर 2025 से पतरातु विद्युत परियोजना की 800 मेगावाट क्षमता वाली एक यूनिट से व्यावसायिक बिजली उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा हर स्तर पर मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं सरकार के सक्रिय सहयोग के कारण ही यह यूनिट निर्धारित समय पर चालू हो सकी है। इस यूनिट के शुरू होने से झारखण्ड बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर एक मजबूत कदम बढ़ा चुका है। इस अवसर पर पीवीएनएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को परियोजना स्थल के भ्रमण हेतु आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार ठोस और दीर्घकालिक कदम उठा रही है, ताकि राज्य के विकास को नई गति मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पीवीएनएल के वरीय अधिकारियों से राज्य के युवाओं के कौशल विकास के लिए भी प्रभावी और ठोस पहल करने का आग्रह किया, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।









