रांची - खूंटी वन प्रमंडल के तमाड़ रेंज अंतर्गत शुक्रवार सुबह चालाडीह गांव के सामने 8 से 10 जंगली हाथियों का झुंड दिखाई दिया। हाथियों के गांव के समीप पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाथियों का वीडियो भी बनाया, जो इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का झुंड खेतों और सड़क के किनारे विचरण करता नजर आया। झुंड में बड़े हाथियों के साथ बच्चे भी शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग सुरक्षित दूरी बनाकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
इसकी जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से जंगल या हाथियों के नजदीक नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह से बचने और हाथियों को उकसाने का प्रयास नहीं करने को कहा है।
गौरतलब हो कि मानसून के दौरान तमाड़ और आसपास के वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ जाती है। भोजन और पानी की तलाश में हाथियों के गांवों के समीप पहुंचने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।







