(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से एक बेहद दर्दनाक और सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। जिले के ग्वालपाड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आठवीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में एक 13 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान मझुआ गांव निवासी बबलू शर्मा की पुत्री संतोषी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोषी अपनी छोटी बहन के साथ पिछले दो साल से इसी विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी। रविवार की रात वह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुई और खाना खाने के बाद करीब साढ़े नौ बजे सोने चली गई। लेकिन रात करीब तीन बजे उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद तत्काल इलाज की बजाय बच्चियों को शरीर पर तेल लगाने को कहा गया।
इसके बाद आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची की मौत अस्पताल लाने से पहले ही चुकी थी।











