खूंटी - एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खूंटी महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसीबी के अनुसार, खूंटी के हुरलुंग निवासी श्याम कुमार ने शिकायत की थी कि उनसे महिला थाना प्रभारी ने किसी मामले में राहत दिलाने और जांच में सहयोग करने के बदले 4 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। साथ ही पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछा कर थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर चली गई।








