(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए माराफारी थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पुड़िया ब्राउन शुगर और 8,450 रुपये नकद बरामद किया है।
इस संबंध में हेड क्वार्टर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि माराफारी थाना क्षेत्र के डुमरो में ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 50 वर्षीय गनी अंसारी को दो पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास कुल 20 पुड़िया ब्राउन शुगर थी, जिनमें से 18 पुड़िया वह पहले ही बेच चुका था। पुलिस ने बिक्री से मिले 8,450 रुपये भी बरामद किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।








