रांची - राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रमेश ठाकुर के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रमेश ठाकुर मंगलवार रात अपने घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुसे और धारदार हथियार से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह जब परिजनों ने घर का दरवाजा खोला तो रमेश ठाकुर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से पुलिस को मृतक के पास एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार का इस्तेमाल हत्या में किया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।








