(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को लक्ष्मी सिनेमा हॉल के आसपास स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकानों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विशेष रूप से खाद्य पदार्थों में कृत्रिम फूड कलर के उपयोग को लेकर होटल संचालकों को जागरूक किया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही फूड कलर का उपयोग किया जाना चाहिए। अन्यथा यह उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। जांच के दौरान कुछ मिठाई दुकानों में ऐसे खाद्य उत्पाद भी मिले, जिन पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित दुकानदारों को फटकार लगाई और आवश्यक निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल एवं दुकान संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने तथा सभी खाद्य उत्पादों पर निर्धारित लेबल और एक्सपायरी डेट अंकित करने का निर्देश दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








