(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत आज अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों (बूथों) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, SIR प्रतिक्रिया फॉर्म भरने की प्रक्रिया तथा बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा मतदाताओं को दी जा रही सहायता का भी अवलोकन किया।
मौके पर पदाधिकारियों ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का प्रतिक्रिया फॉर्म पूरी सावधानी एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भरा जाए तथा किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही कहा कि यदि किसी मतदाता को SIR प्रतिक्रिया फॉर्म भरने में कठिनाई हो रही है तो वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से सहायता प्राप्त करें।









