(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ के मांडू थाना क्षेत्र स्थित बलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून लगी ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है।
30 जून 2026 की सुबह करीब 8:40 बजे मांडू थाना को सूचना मिली कि ग्राम बलसगरा में लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा रबोध निवासी बालेश्वर पटेल पर हमला किया जा रहा है। बालेश्वर पटेल वर्तमान में गिरिडीह जिले के रजिस्ट्री कार्यालय में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल को इलाज के लिए होप अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के क्रम में टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुन्तला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी तथा लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







