(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग – हजारीबाग जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बुधवार को पुलिस केंद्र, हजारीबाग में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए नई डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 सेवा आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है। नए वाहनों के विभिन्न थानों में शामिल होने से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय और बेहतर होगा। इससे अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य आधुनिक संसाधनों से पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और भरोसेमंद पुलिस सेवा मिल सके।








