डूरंड कप (रांची) - राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जा रहे 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए जमशेदपुर एफसी को 2-1 से शिकस्त दी। एससी दिल्ली के लिए डेब्यू कर रहे लालरिनलियाना ह्नामटे ने दूसरे हाफ में महज पांच मिनट के भीतर दो गोल दागकर टीम को यादगार जीत दिलाई।
मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक खेल दिखाया और 22वें मिनट में प्रणय हलदर के लंबे पास पर मोहम्मद ने शानदार लेफ्ट फुट शॉट लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक जमशेदपुर की टीम बढ़त बनाए रखी। वहीं दूसरे हाफ में एससी दिल्ली ने जोरदार वापसी करते हुए दो गोल दाग दिया। इस जीत के साथ एससी दिल्ली ने अपने पहले मुकाबले में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। वहीं, हार के बावजूद जमशेदपुर एफसी दो मैचों में तीन अंकों और बेहतर गोल अंतर के आधार पर ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।








