दुमका – प्रमण्डलीय आयुक्त, संथाल परगना प्रमंडल, दुमका संजय कुमार की अध्यक्षता में कन्वेंशन सेंटर, दुमका में सड़क सुरक्षा सेमिनार 2026 का आयोजन किया गया। सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रमण्डलीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा सप्ताह एवं सड़क सुरक्षा माह जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए तथा विशेष रूप से युवाओं तक सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता पहुंचाना आवश्यक है।
वहीं उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जिला परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।









