रांची - राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन यादव के रूप में हुई है वह धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र के करकेन्द बाजार का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देशी कट्टा, तीन गोली और घटना के समय पहना गया कपड़ा भी बरामद किया है।
उन्होंने आगे बताया कि टिटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके दो साथी पुष्कर महतो एवं पिंटु कच्छप को संगठित आपराधिक गिरोह के द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं। इंटरनेट कॉल और ऑडियो मैसेज भेजकर उनसे एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। जब रंगदारी की रकम नहीं मिली तो गिरोह ने अपने गुर्गों के माध्यम से 7 मार्च को लोधमा स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में रेस्टोरेंट के एक स्टाफ को गोली लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष जांच टीम का गठन किया था, जिसने पूरे मामले का उद्भेदन किया। एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल चार अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर सचिन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।











