(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के चास नगर निगम क्षेत्र में कचरा डंपिंग को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। आईटीआई मोड़ के पास लगातार कचरा डंप किए जाने से लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सड़क किनारे तक कचरा फैल जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी तो हो रही है, वहीं हादसे की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के द्वारा लगातार यहां कचरा डंप किया जा रहा है। कचरे से निकलने वाली तेज दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं, सड़क तक कचरा पहुंचने से यातायात प्रभावित हो रहा है। लोगों ने नगर निगम से कचरा डंपिंग पर रोक लगाने और जमा कचरे को तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि आबादी और मुख्य सड़क के समीप कचरा जमा होने से स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर खतरा बना हुआ है।








