रांची - झारखंड में हुए ट्रेजरी घोटाले को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर इस मामले को दबाने और जांच को धीमा करने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि ट्रेजरी घोटाले की जांच के लिए गठित एसआईटी काफी धीमे गति से काम कर रही है। प्रतुल शाह देव ने कहा कि राज्य सरकार ने 17 अप्रैल 2026 को स्पेशल ऑडिट की अनुशंसा करते हुए एजी से उसी सप्ताह संबंधित कागजात मांगे थे। लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। जिसके कारण स्पेशल ऑडिट की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावे के लिए कार्रवाई कर रही है। प्रतुल शाह देव ने आगे कहा कि जिन अधिकारियों के कार्यकाल में कथित घोटाला हुआ, वे आज भी अपने पदों पर बने हुए हैं। भाजपा ने मांग करते हुए कहा कि घोटाले की जांच के लिए समय सीमा तय की जाए और जांच प्रक्रिया को तेज किया जाए।








