(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - झारखंड के डुमरी विधायक जयराम महतो के बयान को लेकर पुलिस महकमे में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बोकारो के सेक्टर-4 स्थित पुलिस क्लब में झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने जयराम महतो के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके बयान को अनुचित बताया है। एसोसिएशन का कहना है कि एक विधायक और पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधि से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती। एसोसिएशन ने जयराम महतो से माफी मांगने की मांग की है। अगर किसी व्यक्ति में इतना एग्रेशन है तो उसे फौज में जाना चाहिए। इस तरह की गाली-गलौज को कोई भी परिवार बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही जयराम महतो से कहा कि वे माफी मांगकर अपनी बुद्धि और विवेक का परिचय दें।
एसोसिएशन ने जयराम महतो की ओर से आर्टिकल 21 के तहत प्राइवेसी के अधिकार का हवाला दिए जाने पर भी सवाल उठाया। एसोसिएशन का कहना है कि दो लोगों के बीच बातचीत में अगर दूसरा व्यक्ति बातचीत को सार्वजनिक करता है, तो हर परिस्थिति में इसे प्राइवेसी का उल्लंघन नहीं कहा जा सकता। फिलहाल पुलिस मेन्स एसोसिएशन की मांग साफ है—जयराम महतो अपने बयान और भाषा को लेकर माफी मांगें।








