(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के हरला थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रानी पोखर गांव के कंचन मोड़ के समीप स्थित लक्ष्मी नारायण अपार्टमेंट में चोरों ने बंद फ्लैट की कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोर जाते-जाते CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए। वहीं, अपार्टमेंट में न तो सुरक्षा गार्ड है और न ही चहारदीवारी। ऐसे में सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चोरी से पहले चोरों ने पूरी तैयारी की थी। ऐसे में अब पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। गृहस्वामी शुभम कुमार के मुताबिक, चोरी में कितने की संपत्ति गई है, इसका आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहते हैं। बोकारो स्थित फ्लैट में परिवार कभी-कभार ही आता है और अधिकांश समय मकान बंद रहता है।
वहीं लोगों का कहना है कि परिसर में न तो चहारदीवारी है और न ही सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था। ऐसे में लंबे समय तक बंद रहने वाले फ्लैटों की निगरानी का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। लोगों ने अपार्टमेंट में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








