दुमका - जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बुधवार को दुमका व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि एवं डालसा सचिव विवेक कुमार की उपस्थिति में हुई। इस प्रभात फेरी में व्यवहार न्यायालय के कर्मियों, पीएलवी, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय से जुड़े अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रभात फेरी के माध्यम से आम लोगों को विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा न्याय तक आसान पहुंच के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मौजूद न्यायिक पदाधिकारियों ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना है। जिससे कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोग भी अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें और समय पर न्याय प्राप्त कर सकें।
गौरतलब हो कि यह प्रभात फेरी न्यायालय परिसर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहां लोगों को विधिक जागरूकता से जुड़े संदेश दिए गए।









