(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - होली और रमजान को लेकर चास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सिंह ने की। आयोजित बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।











