रिपोर्ट - मो० काजीरूल शेख
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संत जोसेफ स्कूल, कुंजबोना में शनिवार को क्रिसमस गेदरिंग कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके विद्यालय पहुंचने पर बच्चों, शिक्षकों और मिशनरी स्टाफ ने केक कटवाकर एवं फूल-मालाओं से पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने क्रिसमस से जुड़े रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और संदेशात्मक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने बच्चों और शिक्षकों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, भाईचारे, सेवा और त्याग का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इससे नैतिक मूल्यों, अनुशासन और अच्छे चरित्र का भी विकास होना चाहिए।
विधायक ने मिशनरी शिक्षण संस्थानों की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थान लंबे समय से समाज को शिक्षित और जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बच्चों से परिश्रम, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। क्रिसमस गेदरिंग के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और पूरे स्कूल में उत्सव का माहौल बना रहा।









