(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग – हजारीबाग वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गांधी मैदान, मतवारी में सोमवार को अत्याधुनिक ओपन जिम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती, डीडीसी, सदर एसडीओ आदित्य पांडे तथा मेयर अरविंद राणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ओपन जिम का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ओपन जिम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह सुविधा युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभदायक होगी। अब शहरवासी खुले वातावरण में आधुनिक व्यायाम उपकरणों का उपयोग कर नियमित रूप से अपनी फिटनेस का ध्यान रख सकेंगे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे इस सार्वजनिक सुविधा का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें तथा उपकरणों की देखभाल में भी सहयोग दें। उद्घाटन समारोह में नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








