आशीष प्रसाद (संवाददाता)
JHARKHAND: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम तीखा रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. वहीं उत्तर-पश्चिमी जिलों (पलामू प्रमंडल) में लू चलने की चेतावनी भी दी गयी है. मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि इन इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और लोगों को दोपहर के समय सतर्क रहने की जरूरत है.
डालटनगंज रहा सबसे गर्म
रविवार को डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में 40.5 डिग्री, बोकारो में 42.1 डिग्री और चाईबासा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बहरागोड़ा में चार मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा.
छाये रहेंगे आंशिक बादल, कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 28 मई तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. 25 मई को उत्तर-पूर्वी जिलों (संताल परगना) में फिर से तेज हवा और वज्रपात की आशंका जतायी गयी है. 26 और 27 मई को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी.
राजधानी आसपास में बदलते रहेगा मौसम
रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले पांच दिनों तक मौसम बदलता रहेगा. 25 और 27 मई को गर्जन वाले बादल बनने की संभावना है, जबकि 28 मई तक तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है. 28 मई को रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.










