पटना – पिछले दिनों खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में संचालक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बीच पुलिस की कई टीमें लगातार कोचिंग संस्थान पहुंचकर जांच-पड़ताल करती रहीं। जबकि खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र रातभर कोचिंग परिसर के बाहर डटे रहे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग समय पर कोचिंग कैंपस पहुंचीं। प्रशासन की ओर से छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन छात्र नहीं माने। इसके कारण इलाके में पूरी रात तनाव और हलचल का माहौल बना रहा। हालांकि, मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो ने मामले में नया मोड़ ला दिया है। जिसमें खान सर के सुरक्षाकर्मी को कथित रूप से गोली चलाते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत खान ग्लोबल स्टडीज पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त किए तथा फॉरेंसिक साइंस लैब जांच के लिए भेज दिए। बताया जा रहा है कि इसी आधार पर पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।










