(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव स्कूल परिसर में शौचालय के पास पाइप से बंधा मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं घटना के बाद स्कूल संचालक सुनील कुमार के फरार होने से भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक छात्र की पहचान पोखराम परमानंदपुर वार्ड संख्या-10 निवासी रामानंद यादव के छह वर्षीय पुत्र आनंद प्रेम के रूप में हुई है। आनंद प्रेम यूकेजी का छात्र था और पिछले छह महीने से स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार सुबह छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस और मधेपुरा एसपी संदीप कुमार सिंह ने खुद कमान संभाल कर सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दिया है।










