(मृत्युंजय कुमार, संवाददाता, बिहटा, पटना)
पटना - खबर पटना के दानापुर से है, जहां गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण दानापुर के दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। दियारा इलाके में चारों तरफ बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
इसको लेकर स्थानीय विधायक सह सहाकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और SDO दानापुर विक्रम सिंह ने दियारा के क्षेत्रों का निरिक्षण किया। इस दौरान वे 6 पंचायतों में घूमे और वहां के लोगों से मिलकर उनका हाल जाना। बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य की तैयारी की गई है।
बताया जा रहा है कि दानापुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 1 मीटर 18 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने दियारा क्षेत्र के लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए नावों की व्यवस्था की है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही नाव और राहत शिविरों का इस्तेमाल करें।







