(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा के चिकनौटबा गांव में नशे के खिलाफ पूरा गांव सड़क पर उतर आया। ग्रामीणों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत गुरकी हाट से जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने गांव का भ्रमण कर नशे के खिलाफ लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।
चिकनौटबा में निकली इस जागरूकता मार्च ने साफ कर दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई अब समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। मार्च के दौरान ग्रामीण लगातार नारे लगाते रहे। सुंदर पंचायत बनाना है, नशा को दूर भगाना है। लोगों ने ग्रामीणों और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। लोगों का कहना था कि नशे की लत का असर परिवार की आर्थिक स्थिति से लेकर सामाजिक माहौल तक पड़ता है।
मार्च में पूर्व मुखिया कमलेश बाबू, पूर्व समिति सदस्य डॉ. सुरेन्द्र जी, सरपंच प्रतिनिधि अरविंद जी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अभियान में विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी खास रही। प्रधानाध्यापक किशोर कुमार और विद्यालय के सभी शिक्षकों के सहयोग से बच्चों ने भी नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया।







