(मो० काजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओ.पी. क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सामान लेने दुकान गई एक नाबालिग बच्ची को गांव के ही 4 युवकों ने अपने 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने बच्ची को अलग-अलग सुनसान जगहों और एक चलते हाईवा पर ले जाकर 2-3 दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाईवा चालक और खलासी समेत 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि नाबालिग पीड़िता के अनुसार वह 17 फरवरी को गांव में स्थित एक दुकान जा रही थी। तभी आरोपियों उसे एक हाईवा पर लादकर ले गए। आरोपियों ने करीब 3 दिनों तक उसके साथ दरिंदगी की। मामले की शिकायत 6 मार्च को मालपहाड़ी ओ.पी. में दर्ज कराई गई, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने खुलासा करते हुए तीन को गिरफ्तार किया। जिसमें दशरथ किस्कु (22), सकल टूडु (20) और हाईवा का खलासी प्रधान मरांडी (21) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हाईवा ट्रक संख्या JH16H-0651 को भी बरामद कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य 3 आरोपियों की पहचान हो चुकी है, उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।











