रांची - एनडीए के विधायक दल की बैठक सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई। आयोजित बैठक में 24 में से 17 विधायक ही पहुंचे। लेकिन सभी ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी को समर्थन की बात कहते हुए नथवाणी की जीत का दावा किया है। बैठक में आजसू प्रमुख सुदेश महतो और लोजपा-आर के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान मौजूद रहे। प्रत्याशी परिमल नथवाणी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधायकों के साथ वोटिंग की प्रक्रिया और समय पर पहुंचने की योजना पर चर्चा की। वहीं भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि जो विधायक बैठक में नहीं आए थे, उन्होंने पूर्व में इसकी जानकारी दे दी थी। चुनाव में पूरा एनडीए एकजुट है। आगे नवीन जायसवाल ने कहा कि पूरा एनडीए परिमल नथवाणी के साथ है। उन्हें 28 से अधिक वोट मिलेंगे।
बताते चलें कि चम्पाई सोरेन, आलोक चौरसिया, रागिनी सिंह, पूर्णिमा साहू, शत्रुघ्न महतो, प्रकाश राम तथा सरयू राय (जदयू) बैठक में निजी कारणों से अनुपस्थित रहे।








