(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चास नगर निगम में लेखापाल के पद पर तैनात सोमेन कुमार मंडल की नियुक्ति को लेकर मेयर भोलू पासवान और निगम कर्मी आमने-सामने हैं। मेयर ने सोमेन की नियुक्ति को अवैध बताते हुए उस पर सवाल उठाए हैं, जबकि सोमेन इसे नियम सम्मत बताते हुए मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं।
सोमेन मंडल के अनुसार, अक्टूबर 2016 में 48 अभ्यर्थियों के बीच इंटरव्यू प्रक्रिया के जरिए उनका चयन किया गया था। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2016 को उन्हें विज्ञापन सूचना संख्या 945, दिनांक 11 जुलाई 2016 के आधार पर लेखा पाल के पद पर नियुक्ति पत्र मिला था। उनका कहना है कि उनकी कार्यशैली से संतुष्ट होकर खुद मेयर भोलू पासवान ने 19 मई 2017 को बोर्ड मीटिंग में उनका वेतनमान 15,000 से बढ़ाकर 20,000 करने का निर्णय लिया था। इसके बावजूद अब मेयर उन्हें फर्जी करार देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
दूसरी ओर, मेयर भोलू पासवान का कहना है कि सोमेन की नियुक्ति बिना विधिवत विज्ञापन और बिना किसी सक्षम आदेश के की गई थी। मेयर के मुताबिक, उनकी नियुक्ति मूल रूप से डबल एंट्री के काम के लिए की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें लेखा पाल बना दिया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इसी आधार पर मेयर लगातार सोमेन को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं और निगम कार्यालय के सभी रिकार्ड को भी सील करा दिया गया है।
इस विवाद पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी पद से हटाने की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच का आदेश दिया गया है और नियुक्ति पर फिलहाल कोई सवाल नहीं उठाया गया है। उपायुक्त ने सभी पक्षों से समन्वय बनाकर अपने-अपने दायरे में रहकर काम करने की अपील की है।










