(चंदन वर्मा, संवाददाता)
बोकारो - बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गवाई पुल के पास उस वक्त अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक गैस टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर से अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि लोग दूर-दूर तक सहम गए और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार मशक्कत करते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने NH-32 पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।









