(कजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया है। अवैध कोयला कारोबार और ओवरलोडिंग पर हुई इस दोहरी कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मालपहाड़ी ओपी अंतर्गत अवैध कोयला के विरुद्ध चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान रामनगर खाली मैदान के समीप से कुल आठ साइकिलों पर लदा अवैध कोयला पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि साइकिलों पर करीब 20 से 22 क्विंटल कोयला लदा हुआ था, जिसका चोरी-छिपे परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में पुलिस ने क्षेत्र में एक ट्रैक्टर को भी रोका, जिसकी ट्रॉली में ओवरलोडिंग के उद्देश्य से अतिरिक्त रॉड/पटरा लगाया गया था। पुलिस ने मौके पर ही अतिरिक्त डाला कटवाकर हटवाया और चालक को भविष्य में ओवरलोडिंग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।











