(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - जामताड़ा जिले में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन और 39 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में एसपी शंभु कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के मोहड़ा पसोई तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और मट्टांड़ में कुछ लोग साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी (साइबर) अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तीनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करमाटांड़ थाना क्षेत्र से पांच और जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र से चार, कुल नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे और विभिन्न बहानों से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस नके गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
एसपी ने आगे कहा कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








