(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो पुलिस केंद्र खेल उत्साह से सराबोर नजर आया। जहां तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिला पुलिस बल के करीब 250 पुलिसकर्मी खिलाड़ी हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में उत्तरी छोटा नागपुर के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में अवसर मिलने की बात भी कही।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल भावना और अनुशासन का शानदार संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा भी उपस्थित रहे।








