(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो में अमन साहू गैंग और प्रिंस खान गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसआईटी की कार्रवाई में सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, बोकारो में पिछले कुछ दिनों से अमन साहू गैंग के राहुल दुबे और मंयक सिंह गिरोह और प्रिंस खान गिरोह का भय दिखाकर व्यवसायियों से रंगदारी मांगी जा रही थी। प्रकाश शुक्ला नामक व्यक्ति के जरिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कारोबारियों को धमकी भरे कॉल और मैसेज किए जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कांडों का उद्भेदन किया और सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मुख्य सरगना प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया शामिल है, जिस पर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह व्यवसायियों के मोबाइल नंबर जुटाकर बड़े गिरोह तक पहुंचाता था, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी मांगी जाती थी। पुलिस में प्रिंस गुप्ता के अलावे श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी अपराधियों का अपराधिक इतिहास रहा है।











