नई दिल्ली - हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध एवं खनिज संपदा की कथित लूट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
सांसद श्री जायसवाल ने गृह मंत्री को बताया कि JPSC एवं JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता तथा सीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच की निष्पक्षता और प्रभावशीलता को लेकर छात्रों एवं अभ्यर्थियों के बीच गंभीर सवाल हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की CBI से निष्पक्ष जांच कराना आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आए और प्रत्येक दोषी की जवाबदेही तय हो सके। यह मामला झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है।
सांसद जायसवाल ने झारखंड की गिरती कानून-व्यवस्था, राज्य में बढ़ते संगठित अपराध, खनिज संपदा की बड़े पैमाने पर कथित लूट तथा हजारीबाग, रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार से संबंधित विषयों से गृह मंत्री को अवगत कराया। श्री जायसवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई है।








