(पंकज भारती, संवाददाता, गिरिडीह)
गिरिडीह - गिरिडीह में भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला। शहर में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा श्रद्धा के साथ निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा शहर जय जगन्नाथ के नारों से गुंजायमान रहा। गिरिडीह के आईसीआर रोड स्थित पुरातन शिवालय सह छोटकी काली मंडा में रथ यात्रा शुरू होने से पहले भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर को फूलों और लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
वहीं रथ यात्रा के दौरान भक्तों ने रथ को खुद खींचकर शहर का भ्रमण किया। यात्रा पुरातन शिवालय से निकलकर तिरंगा चौक, बड़ा चौक, नगर थाना, गद्दी मोहल्ला, कालीबाड़ी, टॉवर चौक, बरगंडा चौक, मकतपुर, शिव मोहल्ला और गांधी चौक होते हुए मौसी बड़ी छोटकी काली मंडा पहुंची।
यात्रा के दौरान सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। दूसरी तरफ जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।








