(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चास थाना क्षेत्र में जिम से बाहर निकले एक युवक पर जानलेवा हमला और छिनतई की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया और सोने की चेन छीन ली। पीड़ित हर्ष कुमार पांडे ने जिम में एक विशेष समुदाय के युवकों को धर्म विरोधी गाना बजाने से मना करने का काम किया था। जिसके बाद उसपर जानलेवा हमला करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
घटना 1 मई की शाम करीब साढ़े बजे की है, जब बेंदीटांड़ कॉलोनी निवासी हर्ष पांडेय नंदूआ स्थान स्थित बॉडी स्टेशन जिम से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए महताब अंसारी, आरिफ अंसारी और 8 से 10 अज्ञात लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी, चाकू और भुजाली जैसे धारदार हथियार थे। हमले में हर्ष पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने करीब 20 ग्राम सोने की चेन भी छीन ली। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। मामले में चास थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग की गई है। वैसे वायरल वीडियो की पुष्टि एनभारत.कॉम नहीं करता है।









