रांची - झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता शिक्षा कुमारी से मुलाक़ात की। इस अवसर पर उन्होंने गोड्डा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिक्षा कुमारी को शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ दीं।
रांची स्थित आवासीय कार्यालय में इस मुलाकात के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि शिक्षा ने स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि शिक्षा की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि गोड्डा सहित पूरे झारखंड के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। शिक्षा की सफलता राज्य की उन सभी बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
गौरतलब हो कि झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में शिक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।








