डूरंड कप 2026 (रांची) - 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप 2026 में जमशेदपुर एफसी ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में रेनियर फर्नांडिस ने शानदार हैट्रिक लगाकर जीत के हीरो बने।
मैच की शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। रेनियर फर्नांडिस ने चौथे और छठे मिनट में लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। इसके बाद 23वें मिनट में अमन सी.के. और 39वें मिनट में देवेंद्र धाकूमुर्गा ओकर ने गोल कर पहले हाफ में ही स्कोर 4-0 कर दिया। दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने कोई प्रभावी मौका नहीं बना सकी। मुकाबले के 82वें मिनट में रेनियर फर्नांडिस ने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और टीम की 5-0 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने डूरंड कप 2026 में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए हैं। टीम का संतुलित आक्रमण और मजबूत रक्षा प्रदर्शन आगामी मुकाबलों के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।








