(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए 'खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026' के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने मोर्चा खोल दिया है। जेएमएम केंद्रीय समिति के आह्वान पर, आगामी 7 सितंबर को जामताड़ा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
जिसकी रणनीति तैयार करने के लिए जामताड़ा परिसदन में जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिला कमेटी के साथ-साथ जेएमएम के सभी विंग के पदाधिकारी शामिल हुए और आंदोलन की रूपरेखा तय की।
बैठक के बाद जेएमएम जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह नया खान एवं खनिज संशोधन विधेयक झारखंड के हितों के पूरी तरह खिलाफ है। हमारी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। जब तक केंद्र सरकार इस काले विधेयक को वापस नहीं लेती, तब तक जेएमएम सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।








