(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से लापता युवती पुष्पा के मामले में अब जांच तेज हो गई है। हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर सीआईडी तक एक्शन मोड में नजर आ रही है।
21 जुलाई 2025 से खूंटाडीह गांव से लापता पुष्पा के मामले की जांच के लिए सीआईडी डीआईजी संध्या रानी मेहता खुद मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पिंडराजोरा थाना का निरीक्षण करने के साथ-साथ पीड़िता के गांव जाकर परिजनों और पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की। इस दौरान डीआईजी संध्या रानी मेहता ने पीड़िता की मां को भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
वहीं पीड़िता की मां रेखा देवी ने गांव के ही दिनेश महतो पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 21 जुलाई को आवेदन देने के बावजूद पिंडराजोरा थाना में मामला दर्ज नहीं किया गया, जिससे पुलिस की भूमिका संदिग्ध लगती है। बताते चलें कि हाई कोर्ट में इस मामले को लेकर डीजीपी से लेकर एसपी तक को जवाब देना पड़ा है। लापरवाही के आरोप में पिंडराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन और थाने के मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं एसपी द्वारा गठित एसआईटी टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है।











