(बिजय सिंह, संवददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो स्टील सिटी में नगर प्रशासन विभाग (सिविल अनुभाग) ने क्षतिग्रस्त घोषित किए गए आवासीय ब्लॉकों को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग ने ऐसे सभी क्वार्टरों की सूची अपने नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित कर दी है और संबंधित आवंटनधारियों से जल्द से जल्द आवास खाली करने की अपील की है।
प्रबंधन के अनुसार इन इमारतों के काफी जर्जर हो जाने के कारण इनके गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन आवासों में रहना अब सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इन सभी क्षतिग्रस्त आवासों को ध्वस्त किया जाएगा। प्रबंधन ने यह भी बताया कि प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आवास का आवंटन कंपनी के नियमों और उपलब्ध खाली क्वार्टरों के आधार पर किया जाएगा।
वहीं नगर प्रशासन विभाग ने कहा है कि फिलहाल वही पूर्व कर्मचारी आवास स्थानांतरण की सुविधा के पात्र होंगे, जिन्होंने अपने क्वार्टर के लाइसेंस का नवीकरण करा लिया है। जिन लोगों ने अभी तक लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया है, उनसे जल्द नवीनीकरण कराने की अपील की गई है।











