(कुंदन कुमार, संवाददाता, धनबाद)
धनबाद - धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में बुधवार को तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का शुभारंभ हुआ। 5 अगस्त से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी साइबर प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के अधिकारी सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस ड्यूटी मीट जांच प्रणाली को और अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने का मंच है। इसमें फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध स्थल निरीक्षण, साक्ष्य संग्रह, पैकिंग, फॉरवर्डिंग समेत कई विषयों पर प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रेंज स्तर के विजेता राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में भाग लेते हैं और वहां के विजेता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं।
वहीं धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को नई तकनीकों और आधुनिक जांच पद्धतियों को सीखने का अवसर मिलेगा।








