बिहार शरीफ - जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालंदा के तत्वावधान में बिंद प्रखंड में मेगा विधिक जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया गया। गौरतलब हो कि यह शिविर बिंद प्रखंड के हाई स्कूल मैदान में किया गया। जिसका उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत कुमार, एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रवींद्र सिंह, एडीजे-10 प्रवीण कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार गौरव तथा सीजेएम-1 योगेंद्र कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद प्रधान जिला जज ने शिविर में लगाए गए सभी स्टॉलों का भी फीता काटकर शुभारंभ किया।
गौरतलब हो कि शिविर में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, विद्युत, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, स्वास्थ्य, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक, शिक्षा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। जहां विभिन्न विभागों से संबंधित कई मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया। मौक पर ही ग्रामीण विकास विभाग ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किया। आयोजित शिविर में अंचलाधिकारी रामायण कुमार, परिवहन विभाग के एमवीआई रजनीश कुमार, थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, सहित कई लोग उपस्थित रहे।








