(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को इस्कॉन हजारीबाग द्वारा भव्य रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर "जय जगन्नाथ" के जयघोष, भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान के रथ को खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस वर्ष की रथयात्रा की सबसे बड़ी विशेषता झारखंड का पहला ऑटोमैटिक हाइड्रोलिक रथ रहा। जिसे आईआईटी बॉम्बे और आईआईटी कोलकाता के इंजीनियरों ने आधुनिक तकनीक से डिजाइन किया है। रथ में लगाए गए हाइड्रोलिक सिस्टम की सहायता से इसकी ऊंचाई आवश्यकता के अनुसार लगभग 16 फीट से बढ़ाकर 40 फीट तक की जा सकती थी। जिससे यात्रा बिना किसी बाधा के सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हुई।
वहीं रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।








