बोकारो - बोकारो से एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। करीब तीन साल से लापता युवक का नरकंकाल बरामद हुआ है। मृतक की पहचान खालिक बाबू अंसारी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, खालिक बाबू अंसारी बरमसिया थाना क्षेत्र के आरता गांव का रहने वाला था। साल 2015 में उसकी शादी अलकुशा निवासी हबीब अंसारी की बेटी हिना बीवी से हुई थी। वर्ष 2018 से वह भर्रा बांका पुल के पास शमीम अंसारी के घर में रह रहा था। 16 जून 2022 की रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। 18 जून को उसकी पत्नी हिना बीवी ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था, जिसमें मारपीट के बाद लापता होने की बात भी कही गई थी। इसके बावजूद वर्षों तक पुलिस के हाथ खाली रहे। लेकिन जैसे ही मामला हाईकोर्ट पहुंचा और फटकार लगी, पुलिस हरकत में आई। 2025 में केस को दोबारा खोला गया और जांच तेज की गई। जांच के दौरान भर्रा कब्रिस्तान से खालिक अंसारी का नरकंकाल बरामद किया गया।
बड़ा सवाल है कि अगर हाईकोर्ट का हस्तक्षेप नहीं होता, तो क्या यह मामला दबा रह जाता ? अब देखना होगा कि इस बार जांच कितनी निष्पक्ष और तेज होती है।









